ओरेगॉन राज्य का नाम सुनते ही कुछ ख़ास चीज़ें ज़ेहन में आ जाती हैं—ओशो का आश्रम, सुंदर पहाड़ियाँ, हरी-भरी वादियाँ और मीलों तक फैले घने जंगल। लेकिन पोर्टलैंड का आकर्षण यहीं खत्म नहीं होता। यह अमरीका का प्रमुख शिपिंग और व्यापारिक केंद्र भी है, जहां से पूरे देश के लिए फर्नीचर की लकड़ी भेजी जाती है। मैं हूँ आपका हमसफर, जितेंद्र चौधरी, और आज हम आपको लेकर चल रहे हैं अमरीका के इस अनोखे और ख़ूबसूरत शहर, पोर्टलैंड की सैर पर।
अगर आप अपने डॉलर बचाना चाहते हैं, तो पोर्टलैंड ज़रूर आइए! यह ओरेगॉन राज्य का सबसे बड़ा शहर और इस क्षेत्र का मुख्य व्यापारिक केंद्र है। पोर्टलैंड अपनी विविधताओं से भरी संस्कृति, व्यापारिक माहौल, शानदार खानपान और टैक्स-फ्री शॉपिंग के लिए दुनिया भर में मशहूर है। जी हाँ, यहाँ पर सेल्स टैक्स नहीं लगता, और यही कारण है कि शॉपिंग करने वालों की यह पहली पसंद बन जाता है। यहाँ पर आपको बड़े-बड़े ब्रांड्स मिलेंगे, चाहे कपड़े हों, मोबाइल्स, कम्प्यूटर या फैशन से जुड़ी चीजें—सब कुछ किफायती दामों पर। समय-समय पर यहाँ जब बड़ी सेल लगती है, तो शहर की सड़कें खरीददारों से भर जाती हैं। खासकर पायनियर प्लेस मॉल और पर्ल डिस्ट्रिक्ट यहां की लोकप्रिय शॉपिंग जगहें हैं।
पोर्टलैंड की प्राकृतिक सुंदरता को कोलंबिया नदी और भी अधिक बढ़ा देती है। गर्मियों में यहां का शानदार मौसम और सर्दियों में हल्की-हल्की बारिश इसे और भी रोमांचक बना देती है। शहर के चारों ओर फैली हरियाली और बेशुमार खुले पार्क इसे ‘सिटी ऑफ़ रोज़ेज़’ का खिताब देते हैं। यहाँ का जापानी गार्डन और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मशहूर रोज़ गार्डन जरूर देखने लायक हैं।
जहां शॉपिंग होती है, वहां लाजमी है कि खानपान भी होगा। हालांकि यह शहर ज्यादातर गोरों का है, लेकिन यहाँ शाकाहारियों की भी भरमार है। इसलिए, आपको यहाँ हर जगह वीगन और शाकाहारी भोजन के ढेरों विकल्प मिलेंगे। साथ ही, पोर्टलैंड का फूड ट्रक कल्चर भी पूरे अमरीका में मशहूर है, जहाँ आपको विविधतापूर्ण और लजीज खाना मिलेगा।
शहर की एक और खासियत यहाँ की शिक्षा प्रणाली है। यहाँ के लोग प्रकृति से बेहद प्रेम करते हैं, और इसी वजह से साइकिलिंग यहाँ का एक लोकप्रिय परिवहन माध्यम है। पुराने शहर में लाइट रेल की भी खासी लोकप्रियता है। लोग अपनी गाड़ियाँ शहर के बाहरी इलाकों में पार्क करते हैं और फिर साइकिल या रेल के ज़रिए शहर का दौरा करते हैं। एक अनोखे शहर में घूमने के लिए साधन भी अनोखा होना चाहिए ना? इसी कारण से यहाँ सैगवे (Segway) भी काफी लोकप्रिय है। मैंने दो बार सैगवे चलाने की कोशिश की, लेकिन दोनों बार गिरने के बाद तीसरी बार हिम्मत नहीं जुटा पाया, तो पैदल और साइकिल से ही सफर जारी रखा!
हाल के वर्षों में, पोर्टलैंड स्टार्टअप्स का भी हब बन चुका है। यहाँ की व्यापारिक संभावनाएँ इसे नए उद्यमियों के लिए एक आदर्श स्थान बनाती हैं। सच कहूँ, पोर्टलैंड सिर्फ एक शहर नहीं, बल्कि एक अनुभव है। चाहे आप शॉपिंग लवर हों या पर्यावरण प्रेमी, पोर्टलैंड में सबके लिए कुछ न कुछ खास है। तो अगली बार जब भी आप अमरीका की यात्रा की योजना बनाएं, पोर्टलैंड को जरूर अपनी सूची में शामिल करें।
आशा करता हूँ कि आपको यह लेख पसंद आया होगा। पढ़ने के लिए दिल से शुक्रिया। हमारी घुमक्कड़ी का सफ़र यूँ ही जारी रहेगा, और अगर आप मेरे हमसफ़र बनना चाहते हैं, तो मुझे फॉलो करना मत भूलिएगा। मेरे वॉल पर आपको पुराने लेख, रील्स और ढेरों फ़ोटो मिलेंगी। आपकी आलोचना, राय, सुझाव और टिप्पणियों का मैं हमेशा दिल से स्वागत करता हूँ।
फोटो: पोर्टलैंड, 2016
Leave a Reply