क्या आप सोच सकते हैं कि रेगिस्तान के बीचों-बीच लाखों-करोड़ों फूल खिले हों? वो भी दुबई जैसे गर्म मौसम में। असंभव लगा ना? मैं, आपका हमसफ़र जितेंद्र चौधरी, आपको ले चलता हूँ दुबई मिरेकल गार्डन, जहां असंभव को संभव किया गया है। दुबई, जो अपने ऊंचे-ऊंचे टावरों और लग्जरी लाइफस्टाइल के लिए मशहूर है, ने एक बार फिर दुनिया को चौंका दिया है, लेकिन इस बार कुदरत की सुंदरता के जरिए। मिरेकल गार्डन मतलब परियों के देश में, रूमानी यादों को दुनिया।
इस अद्भुत बगीचे की शुरुआत फरवरी 2013 में हुई थी। बंजर रेगिस्तान में फूलों का यह बगीचा बनाना आसान नहीं था, लेकिन दुबई ने फिर से साबित कर दिया कि उसकी सोच में “असंभव” शब्द के लिए कोई जगह नहीं है। 72,000 वर्ग मीटर में फैला यह गार्डन हर साल नवंबर से मई तक खुला रहता है, जब दुबई का मौसम ठंडा और सुहाना होता है। इसके पीछे की कहानी बड़ी दिलचस्प है। दुबई के एक बिज़नेस ग्रुप ने यह सपना देखा था कि वे कुछ ऐसा बनाएंगे, जो दुनिया में कहीं और न हो, और इस सपने को हकीकत में बदलने का काम उनकी टीम ने किया।
अब दुबई और कुवैत की दूरी तो ऐसी है जैसी दिल्ली और कानपुर की। हम भी हवा पानी बदलने चले जाते हैं, जब भी मौका मिलता है। लेकिन मिरेकल गार्डन में मेरा आखिरी विजिट 2014 में हुआ था, तब ये नया नया ही खुला था। इस पोस्ट में सारे फोटो उसी समय के हैं। तब से अब तक न जाने कितने बदलाव आ चुके होंगे। यहाँ, जिधर भी नजर उठाकर देखो, फूल ही फूल दिखेंगे और सजावट ऐसी कि आप आश्चर्यचकित हुए बिना नहीं रह सकेंगे।
दुबई मिरेकल गार्डन हर साल अपने थीम और डिजाइन को बदलता है, यानी अगर आप यहाँ बार-बार भी जाएं, तो हर बार कुछ नया देखने को मिलेगा। इस सजावट के लिए साल भर कड़ी मेहनत की जाती है, ताकि हर आगंतुक को एक नई कहानी, एक नई दुनिया देखने का एहसास हो।
दुबई मिरेकल गार्डन सिर्फ एक बगीचा नहीं है, यह इंसान की कड़ी मेहनत और प्रकृति से प्यार की मिसाल है। यह दिखाता है कि चाहे मौसम कितना भी कठिन क्यों न हो, चुनौतियाँ कितनी भी बड़ी क्यों ना हों, अगर दिल में जज़्बा हो, तो रेगिस्तान भी फूलों का नखलिस्तान बन सकता है। यह बगीचा दुबई की सोच और उसकी दृढ़ इच्छाशक्ति का जीता जागता प्रमाण है।
तो अगली बार जब आप दुबई जाएं, तो इस जादुई बगीचे में जरूर जाएं। उम्मीद है कि आपको यह लेख पसंद आया होगा। जल्द मिलते हैं, किसी नए अनजाने सफ़र पर।
Photo : Dubai 2014
Leave a Reply